Jamshedpur News: जमशेदपुर के एशियन इन में भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस महासंघ (इंटक) झारखंड प्रदेश की ओर से संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान संगठन की नई प्रदेश कार्यसमिति के गठन की घोषणा की गई। साथ ही राज्य के 11 जिलों में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति साझा की गई।
11 जिलों में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति, संगठन विस्तार पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष सैयद सिराज अब्बास रिजवी उर्फ रईस रिजवी छब्बन और प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप सिन्हा चौधरी ने बताया कि सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा), बोकारो, रांची, कोडरमा, हजारीबाग, चतरा, गिरिडीह, सिमडेगा और खूंटी में संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने कहा कि इंटक मजदूरों के अधिकारों की रक्षा और उनके हितों के लिए मजबूती से काम करेगा।
मजदूरों के शोषण पर इंटक का हमला, समाधान का भरोसा
प्रदेश पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि झारखंड में बड़े स्तर पर मजदूरों का शोषण हो रहा है। संगठन मजदूरों को विश्वास में लेकर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल करेगा। सम्मेलन में राज्य उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, प्रवक्ता और कोषाध्यक्ष समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियों की घोषणा भी की गई।
कई जिलों को मिली नई जिम्मेदारी, पदाधिकारी रहे मौजूद
पूर्वी सिंहभूम के लिए एमडी एहसानुल हक, रांची के लिए शमीम अख्तर, पश्चिम सिंहभूम के लिए राधा मोहन बनर्जी, कोडरमा के लिए चांद आलम, सरायकेला-खरसावां के लिए तरुण डे, हजारीबाग के लिए एमडी रुस्तम अली वारसी, चतरा के लिए राजवीर, गिरिडीह के लिए वसीम भाई और बोकारो के लिए बालेश्वर सिंह राठौड़ को जिम्मेदारी सौंपी गई। इस मौके पर राज किशोर सिंह, हरविंदर सिंह, अरुण टोपनो, गुरदीप सिंह, इशान पात्रा, मोहम्मद एहसानुल हक और अतीकुर रहमान समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।