Jharkhand Weather Update: झारखंड में आज मौसम पूरी तरह बदला-बदला नजर आएगा। एक तरफ राज्य के कई जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों को परेशान करेगी, तो दूसरी ओर कई इलाकों में बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अलग-अलग जिलों के लिए अलग-अलग अलर्ट जारी किया है। राज्य में फिलहाल “मिक्स वेदर” की स्थिति बनी हुई है।
पलामू-गढ़वा में लू का प्रकोप, 44 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
झारखंड के उत्तर-पश्चिमी जिलों पलामू, गढ़वा और चतरा में हीटवेव का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। इन इलाकों में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। डालटनगंज समेत आसपास के क्षेत्रों में लू जैसे हालात बने रहेंगे। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक बेहद सतर्क रहने और जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
रांची समेत कई जिलों में बारिश और तेज आंधी की चेतावनी
राजधानी Ranchi समेत खूंटी, सिमडेगा, लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है। इन जिलों में तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। IMD ने 24 और 25 मई को गरज-चमक के साथ बारिश और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है, जो कुछ जगहों पर 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। इससे पेड़ उखड़ने, बिजली के खंभे गिरने और छत उड़ने जैसी घटनाएं हो सकती हैं।
धनबाद-दुमका में बिजली गिरने का खतरा, किसानों को चेतावनी
मौसम विभाग ने धनबाद, दुमका और देवघर बेल्ट में वज्रपात का खतरा अधिक बताया है। लोगों को बारिश के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों से भी खुले में काम करते समय विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। मौसम विभाग के अनुसार 24 से 29 मई तक राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है, जबकि पलामू प्रमंडल में गर्मी का असर अभी कुछ दिन और बना रहेगा।