Gamharia News: गम्हरिया थाना क्षेत्र में टाटा कंपनी फाटक के पास स्क्रैप मेटल चोरी कर बेचने वाले गिरोह का पुलिस ने बड़ा भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में चोरी का स्क्रैप मेटल बरामद किया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मौके पर छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी रामचंद्र रजक, अवर निरीक्षक अरुण कुमार, PSI रामकाशी, PSI ईशु राम और PSI धर्मवीर कुमार शामिल थे।
स्कॉर्पियो समेत भारी मात्रा में स्क्रैप जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया, जिसमें करीब आधा टन स्क्रैप मेटल लदा हुआ था। वहीं घटनास्थल से कुल लगभग 10 टन स्क्रैप मेटल बरामद किया गया। पुलिस बरामद सामान की कीमत और उसके स्रोत की जांच में जुटी हुई है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी, गिरोह के नेटवर्क की जांच
पुलिस के अनुसार मामले में तीन आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के माल की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।