Ranchi News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आयोजित 19वें रोजगार मेले के दौरान देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी विदेश यात्राओं का मुख्य उद्देश्य भारत के युवाओं के लिए रोजगार और वैश्विक अवसरों का विस्तार करना है। इस दौरान देशभर में 47 केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में करीब 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज दुनिया भारत की युवा शक्ति को नई उम्मीद के साथ देख रही है। उन्होंने कहा कि भारत लगातार वैश्विक निवेश और नई तकनीकों का केंद्र बन रहा है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
नई तकनीक और कौशल विकास पर जोर, युवाओं से खुद को लगातार बेहतर बनाने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में युवाओं से नई तकनीक सीखने और बदलती वैश्विक जरूरतों के अनुसार खुद को तैयार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार स्किल डेवलपमेंट, डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि विदेश दौरों के दौरान विभिन्न देशों के साथ हुए समझौते और निवेश भारत में रोजगार सृजन को बढ़ावा दे रहे हैं। पीएम मोदी ने युवाओं से जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने और देश को विकसित भारत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
रांची में आयोजित कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह और डीआरएम करुणा निधि सिंह मौजूद रहे। यहां 132 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया, जबकि 25 युवाओं को मंच पर सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।