Giridih News: गिरिडीह सदर अस्पताल में शुक्रवार देर शाम एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। बेंगाबाद थाना क्षेत्र की 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने अस्पताल के शौचालय में नवजात को जन्म दिया, जिसके बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार छात्रा स्कूल से घर लौटने के बाद कमर दर्द की शिकायत कर रही थी, जिसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे।
अस्पताल के शौचालय में हुआ प्रसव, रक्तस्राव देख खुला पूरा मामला
इलाज के दौरान छात्रा अस्पताल के शौचालय गई, जहां उसने नवजात को जन्म दिया। प्रसव के बाद जब वह रक्तस्राव की हालत में बाहर निकल रही थी, तभी ड्यूटी पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों को उस पर संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान पूरे मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद अस्पताल कर्मियों ने शौचालय से नवजात को बरामद किया।
मां-बच्चे को अस्पताल में कराया गया भर्ती, मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सदर अस्पताल पहुंची। मां और नवजात को बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से चैताडीह स्थित मातृत्व एवं शिशु अस्पताल भेजा गया। नवजात को एसएनसीयू में भर्ती किया गया है, जबकि नाबालिग प्रसूता का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।