Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-22

Jharkhand News: चतरा में ब्राउन शुगर के कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, ईदगाह रोड से दो आरोपी गिरफ्तार, नशा बेचने में इस्तेमाल बाइक और मोबाइल भी जब्त

Jharkhand News: चतरा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से ब्राउन शुगर की पुड़िया, एक मोबाइल फोन और एक अपाचे बाइक भी जब्त की है. यह कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के ग्राम सजना स्थित ईदगाह रोड में गुप्त सूचना के आधार पर की गई.
गुप्त सूचना मिलते ही हरकत में आई चतरा पुलिस, एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी विशेष छापामारी टीम
पुलिस अधीक्षक चतरा को 21 मई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के ग्राम सजना स्थित ईदगाह रोड में ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री का अवैध कारोबार चल रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के सत्यापन और कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चतरा सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. गठित टीम ने सूचना के आधार पर इलाके में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान मो. नेसार और अमित कुमार के रूप में हुई.

तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से बरामद हुई ब्राउन शुगर की पुड़िया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मो. नेसार की उम्र 52 वर्ष है और वह नगवां का रहने वाला है. तलाशी के दौरान उसके पास से 7 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई. कागज सहित इसका कुल वजन 0.81 ग्राम बताया गया है. इसके अलावा उसके पास से Realme C73 5G कंपनी का एक मोबाइल फोन और सफेद रंग की अपाचे बाइक भी बरामद की गई, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH 13D 5665 है. वहीं दूसरे आरोपी अमित कुमार की उम्र 20 वर्ष बताई गई है, जो रामटूंडा का निवासी है. पुलिस ने उसके पास से 4 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की, जिसका कुल वजन कागज सहित 0.41 ग्राम था. दोनों आरोपियों से बरामद ब्राउन शुगर का कुल वजन 1.22 ग्राम बताया गया है.

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, दोनों आरोपियों का पहले भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
उक्त मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिक की दर्ज कर ली गई है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार किए गए अपराधियों का पुराना आपराधिक रिकार्ड भी रहा है.

छापामारी अभियान में कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल रहे शामिल
इस पूरी कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चतरा सन्नी वर्धन, थाना प्रभारी अवधेश सिंह, एनडीपीएस थाना प्रभारी मो. सम्मी अंसारी और सदर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे. पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा.


 
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !