Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-22

Seraikela News: जलापूर्ति समस्याओं को लेकर उपायुक्त से मिले ओम प्रकाश, पाइपलाइन कनेक्शन और सड़क मरम्मत की उठाई मांग

Seraikela: ओम प्रकाश ने शुक्रवार को सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह से मुलाकात कर जलापूर्ति से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। ओम प्रकाश आदित्यपुर अधिवक्ता संघ के मुख्य संरक्षक और जनकल्याण मोर्चा आदित्यपुर के अध्यक्ष हैं।

हजारों उपभोक्ता अब भी कनेक्शन से वंचित
ज्ञापन में बताया गया कि सीतारामपुर जलाशय स्थित 30 एमएलडी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से करीब 20 से 22 हजार उपभोक्ता जुड़े हुए हैं, लेकिन अब तक केवल 4 से 5 हजार लोगों को ही नई जलापूर्ति पाइपलाइन से कनेक्शन मिल पाया है। लगभग 15 से 17 हजार घरेलू उपभोक्ता अभी भी कनेक्शन से वंचित हैं।

ओम प्रकाश ने कहा कि जल्द ही 30 एमएलडी सीतारामपुर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से जलापूर्ति शुरू होने वाली है, लेकिन उससे पहले ही 9 अप्रैल 2026 से जिंदल प्रबंधन द्वारा पाइपलाइन लीकेज जांच की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब हजारों उपभोक्ताओं को पाइपलाइन से जोड़ा ही नहीं गया है, तो लीकेज जांच का औचित्य क्या है।

उन्होंने मांग की कि पहले होल्डिंग टैक्स देने वाले सभी उपभोक्ताओं को पाइपलाइन कनेक्शन दिया जाए और लापरवाही को लेकर जिंदल प्रबंधन पर कार्रवाई की जाए।

उपायुक्त ने दिए कार्रवाई के निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने तत्काल आदित्यपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त से बात कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सड़क खोदकर छोड़ने पर भी जताई नाराजगी
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में पेयजल, सीवेज और गैस पाइपलाइन कार्य के दौरान कई जगह सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है। बरसात नजदीक होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में नगर निगम से बारिश शुरू होने से पहले सभी गड्ढों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की मांग की गई।

60 एमएलडी प्लांट का काम जल्द पूरा करने की मांग
इसके अलावा सापड़ा स्थित 60 एमएलडी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य में तेजी लाने और अगस्त 2026 तक काम पूरा कर आदित्यपुर-1 क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति शुरू करने की मांग भी उठाई गई। ओम प्रकाश ने बताया कि ज्ञापन की प्रतिलिपि नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव, महापौर और अपर नगर आयुक्त को भी सौंप दी गई है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !