Jharkhand Weather Alert: झारखंड में मौसम का मिजाज अचानक बेहद अजीब और मिला-जुला हो गया है. राज्य के पलामू और कोल्हान प्रमंडल के जिले जहां भीषण गर्मी और लू (हीट वेव) की चपेट में हैं, वहीं कई अन्य हिस्सों में आंधी-पानी और बिजली गिरने (वज्रपात) का संकट मंडरा रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र ने 22 और 23 मई 2026 को गढ़वा, पलामू, चतरा समेत पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में भीषण लू चलने का “येलो अलर्ट” जारी किया है. पिछले 24 घंटों में सरायकेला राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां पारा 42.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि गुमला में तापमान 40.4 डिग्री तक पहुंच गया.
60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, कई जिलों में हुई बारिश
गर्मी के इस हाहाकार के बीच राज्य के कई इलाकों में बादलों ने दस्तक दी है. पिछले 24 घंटों के दौरान जामताड़ा में सबसे अधिक 7.6 मिमी, देवघर के सिकटिया में 2.4 मिमी और गुमला के बिष्णुपुर में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार, 22 और 23 मई को हजारीबाग और कोडरमा को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है. वहीं, 24 और 25 मई को बोकारो, धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में हवा की यह रफ्तार बढ़कर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जान-माल के नुकसान की आशंका है.
राजधानी रांची में छाए रहेंगे बादल, मौसम विभाग ने जारी की एडवायजरी
राजधानी रांची और इसके आसपास के इलाकों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, रांची में 22 से 28 मई तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है. मौसम वैज्ञानिकों ने आम जनता से अपील की है कि वे खराब मौसम और मेघ गर्जन के समय खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे जाने से बचें और तेज धूप व लू से सुरक्षित रहने के लिए पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करें.