Seraikela News: सरायकेला जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो रेलवे अंडरग्राउंड के समीप अवैध रूप से रेलवे की जमीन पर बने एक दुकान का बताया जा रहा है, जहां हाल ही में अंग्रेजी शराब दुकान शिफ्ट की गई थी। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो बुधवार देर रात का है। बताया जा रहा है कि शराब का ठेका राजद नेता वीरेंद्र यादव के नाम पर है। वीडियो में राजद जिलाध्यक्ष बैजू यादव भी नजर आ रहे हैं।
शराबियों और दुकानदार के बीच भिड़ंत, देर रात मचा अफरा-तफरी
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शराब दुकान के भीतर और बाहर जमकर हंगामा, मारपीट और तोड़फोड़ हो रही है। शराब दुकानदार और शराब पीने आए लोगों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई। इस घटना के बाद इलाके में देर रात अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वायरल वीडियो को लेकर स्थानीय लोगों के बीच भी कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
रेलवे जमीन पर शराब दुकान शिफ्ट होने पर प्रशासन घिरा सवालों में
घटना के बाद उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि आखिर रेलवे की जमीन पर बने अवैध दुकान में शराब दुकान शिफ्ट करने की अनुमति कैसे दी गई। जानकारी के मुताबिक, इस शराब दुकान का लाइसेंस पहले जागृति मैदान के समीप था, लेकिन करीब एक महीने पहले इसे रेलवे अंडरब्रिज के पास बने अवैध दुकान में स्थानांतरित कर दिया गया।