Jamshedpur: जमशेदपुर में एक बार फिर ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे मानगो गोलचक्कर क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक 14 चक्का वाहन चालक के बीच बहस और विवाद होता दिखाई दे रहा है।
नो-एंट्री के दौरान रोकी गई थी गाड़ी
जानकारी के अनुसार, वाहन चालक नो-एंट्री के समय शहर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने मानगो गोलचक्कर के पास वाहन को रोक लिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि चालक गाड़ी रोक देता है, जिसके बाद पुलिसकर्मी उससे वाहन का दरवाजा खोलने को कहते हैं।
चालक पुलिसकर्मियों से कहता कि आपको जो चालान करना है वो कट लीजिए, लेकिन गाड़ी यहां से नहीं हटेगी। आरोप है कि इसके बाद कुछ ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने उसके साथ बदसलूकी और अभद्र भाषा का उपयोग किया।
चालक ने मारपीट और पैसे मांगने का लगाया आरोप
वाहन चालक का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने जबरन गाड़ी की चाबी निकाल ली और उसके साथ मारपीट भी की। चालक ने यह भी आरोप लगाया कि उससे पहले 10 हजार रुपये की मांग की गई। जब उसने इतनी रकम देने में असमर्थता जताई तो उससे 4 हजार रुपये मांगे गए।
वायरल वीडियो के बाद उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं। कई लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। हालांकि, इस मामले में अब तक ट्रैफिक पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।