Seraikela: झारखंड हाईकोर्ट के आदेश और राज्य सरकार के निर्देश पर सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने गुरुवार को राजनगर प्रखंड स्थित चालियामा में रूंगटा माइन्स प्राइवेट लिमिटेड के स्टील प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संभावित दुर्घटना स्थलों, ब्लैक स्पॉट, भारी वाहनों की पार्किंग व्यवस्था और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चालियामा का जायजा लिया।
भारी वाहनों की पार्किंग पर सख्ती
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्लांट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी वाहनों के संचालन, रोजाना आने वाले वाहनों की संख्या और हाल के दिनों में हुई सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में सार्वजनिक सड़कों पर भारी वाहनों की पार्किंग नहीं होनी चाहिए। साथ ही संस्थान और संबंधित विभागों को नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीसी ने बड़े वाहनों के लिए गति सीमा दर्शाने वाले बोर्ड लगाने और पार्किंग के लिए अलग से भूमि चिन्हित करने को भी कहा।
दुर्घटना रोकने के लिए दिए कई निर्देश
सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उपायुक्त ने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए:
- रूंगटा माइन्स को दो स्थानों पर यातायात चेक पोस्ट बनाने का निर्देश दिया गया, ताकि भारी वाहनों की निगरानी हो सके।
- NH-220 के कार्यपालक अभियंता को रंबल स्ट्रिप, जेबरा क्रॉसिंग, चेतावनी संकेतक और साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।
- मुख्य सड़क किनारे अवैध दुकानों को हटाने के लिए कार्रवाई करने को कहा गया।
- दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लाइट और बड़े चेतावनी बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया।
- प्लांट परिसर में एंबुलेंस और फायर वाहन को 24x7 एक्टिव मोड में रखने के आदेश दिए गए।
ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ चलेगा अभियान
उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी और यातायात निरीक्षक को ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निगरानी के लिए जिला स्तर पर टीम गठित कर औचक निरीक्षण करने को भी कहा गया।
PHC चालियामा में स्वास्थ्य व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चालियामा में दवा उपलब्धता, उपचार कक्ष, स्टोर रूम और स्वच्छता व्यवस्था की भी जांच की। उन्होंने डॉक्टर, एएनएम और स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, आपातकालीन सेवाएं सक्रिय रखने और रेफरल व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
कई अधिकारी रहे मौजूद
डीसी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया, ताकि आम लोगों को सुरक्षित यातायात और बेहतर इलाज की सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान सरायकेला एसडीओ अभिनव प्रकाश, डीटीओ गिरिजा शंकर महतो, GMDIC रविशंकर प्रसाद, डीपीआरओ अविनाश कुमार, यातायात निरीक्षक राजू और थाना प्रभारी विपुल ओझा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।