Jamshedpur News: कम उम्र में बड़े सपने देखने वाले जमशेदपुर के बारीडीह निवासी 8 वर्षीय आदित्य राज ने मॉडलिंग की दुनिया में शानदार उपलब्धि हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है. इंटरनेशनल स्तर की मॉडलिंग प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल करने के बाद आदित्य अब इलाके में चर्चा का विषय बने हुए हैं. उनकी इस सफलता पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी उनके घर पहुंचे और उन्हें शुभकामनाएं देकर हौसला बढ़ाया.
विधायक सरयू राय ने घर पहुंचकर दी बधाई
गुरुवार को विधायक Saryu Roy बारीडीह स्थित आदित्य राज के घर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने आदित्य और उनके परिवार से मुलाकात की. सरयू राय ने आदित्य की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाना बड़ी बात है. उन्होंने आदित्य को आगे भी मेहनत जारी रखने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया.
इंटरनेशनल मॉडलिंग प्रतियोगिता में मिला दूसरा स्थान
आदित्य राज ने मिस, मिस्टर, मिसेज और किड्स मॉडलिंग डांस प्रतियोगिता इंडिया एशिया में हिस्सा लिया था. इस प्रतियोगिता में अलग अलग राज्यों और देशों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई. आदित्य ने मॉडलिंग कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया.
13 राउंड की कड़ी प्रतियोगिता में दिखाया शानदार प्रदर्शन
आदित्य की मां वर्षा श्रीवास्तव ने बताया कि यह प्रतियोगिता 16 और 17 मई को आदित्यपुर स्थित द क्रूज में आयोजित हुई थी. प्रतियोगिता के दौरान कुल 13 राउंड हुए, जिनमें प्रतिभागियों को अलग अलग चरणों से गुजरना पड़ा. आदित्य राज ने हर राउंड में आत्मविश्वास और बेहतरीन प्रस्तुति के दम पर निर्णायकों का ध्यान खींचा और आखिरकार दूसरा स्थान अपने नाम किया.
परिवार में खुशी का माहौल, नाना नानी भी हुए भावुक
आदित्य की इस उपलब्धि से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है. उनके नाना दीपक श्रीवास्तव Ramakrishna Mission English School में गेम टीचर रह चुके हैं, जबकि उनकी नानी रीतू श्रीवास्तव गृहिणी रही हैं. दोनों अपने नाती की सफलता से बेहद खुश और गर्व महसूस कर रहे हैं. कम उम्र में मिली इस सफलता ने आदित्य राज को शहर के उभरते हुए युवा टैलेंट्स में शामिल कर दिया है. परिवार को उम्मीद है कि आने वाले समय में वह मॉडलिंग की दुनिया में और बड़ी पहचान बनाए.