Jharkhand Politics: झारखंड प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा है कि पार्टी अब आलोचना और सवालों से असहज होने लगी है. उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र में जनता के सवालों को भाजपा अपराध की तरह पेश कर रही है.
राकेश सिन्हा ने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू को यह स्पष्ट करना चाहिए कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दों पर उठ रहे सवालों का जवाब कौन देगा. उन्होंने कहा कि भाजपा हर आलोचना को प्रधानमंत्री के खिलाफ टिप्पणी बताकर वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश करती है.
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार जनहित के मुद्दों को उठा रहे हैं, जिससे भाजपा परेशान नजर आ रही है. उनके मुताबिक बीते वर्षों में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया गया.
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा अक्सर प्रधानमंत्री के साधारण परिवार से आने की बात करती है, लेकिन वर्तमान समय में सबसे अधिक आर्थिक दबाव गरीब और मध्यम वर्ग पर ही है. उन्होंने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, जबकि बड़ी संख्या में युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं.
राकेश सिन्हा ने कहा कि सरकार की नीतियों पर सवाल उठाना लोकतंत्र की स्वाभाविक प्रक्रिया है. भाजपा इसे अपमान और भावनात्मक मुद्दा बनाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करती है. उन्होंने कहा कि देश संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था से चलता है, न कि किसी एक व्यक्ति से.
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री से जवाब मांगना लोकतंत्र में जनता का अधिकार है और इसे देशविरोध से जोड़ना उचित नहीं है. भाजपा को आलोचना स्वीकार करने और जवाबदेही निभाने की संस्कृति विकसित करनी चाहिए.