Seraikela News: खरसावां थाना क्षेत्र के रायजामा गांव में बुधवार को पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर ग्राम सभा सह जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सामाजिक कुरीतियों, महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों को लेकर विस्तृत जानकारी दी।
डायन प्रथा से पॉक्सो एक्ट तक, ग्रामीणों को किया जागरूक
सभा में ग्रामीणों को डायन प्रथा रोकथाम अधिनियम, महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध कानून और महिला सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समाज में फैली कुरीतियों और अफवाहों से सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए बताए हेल्पलाइन नंबर
चौपाल में साइबर ठगी, बच्चा चोरी की अफवाह, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति और Good Samaritan कानून पर भी विस्तार से चर्चा हुई। ग्रामीणों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर तुरंत संपर्क करने की अपील की गई।
अपराध और अफवाह पर तुरंत दें सूचना
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने ग्रामीणों से कहा कि किसी भी अपराध, विवाद या अफवाह की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने लोगों से नशा, बाल विवाह और सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर सुरक्षित और जागरूक समाज बनाने में सहयोग करने की अपील की।