Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटेया थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना कुन्द्रीझोर गांव के पास हुई, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे आम के पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान हमसदा गांव निवासी 25 वर्षीय धनसिंह सिरका के रूप में हुई है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार तीनों युवक हीरो होंडा शाइन बाइक से लतार कुन्द्रीझोर से बड़ापासेया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुन्द्रीझोर के समीप मोड़ पर बाइक चालक संतुलन खो बैठा और वाहन सीधे पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक धनसिंह सिरका को सिर में गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक पर तीन लोग सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था।
दो युवकों की हालत गंभीर
हादसे में घायल आकाश सिरका निवासी हमसदा और सुंदर बोबोंगा निवासी बड़ापासेया को इलाज के लिए नोवामुंडी स्थित टाटा स्टील अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही जेटेया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर थाने लाया गया है। मंगलवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद हमसदा और बड़ापासेया गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और तेज रफ्तार से बचने की अपील की है।