Jamshedpur: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भुइयांडीह स्थित लकड़ी टाल मंसा मंदिर के पास रहने वाले रोहित साहू ने सोमवार शाम कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में शोक और सनसनी का माहौल फैल गया।
परिजन तुरंत लेकर पहुंचे अस्पताल
जानकारी के मुताबिक घटना के समय घर के अन्य सदस्य अपने काम में व्यस्त थे। इसी बीच रोहित अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक कमरे से कोई आवाज या हलचल नहीं होने पर परिजनों को शक हुआ। जब दरवाजा खोला गया तो रोहित फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। परिजन तुरंत उसे नीचे उतारकर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल ले गए, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज
मृतक की मां मारी देवी के बयान के आधार पर पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। हालांकि अब तक घटना के पीछे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी है।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
रोहित की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।