Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-19

Dhanbad News: धनबाद के कुसुंडा में जोरदार धमाके के साथ भू-धसान, तीन मकानों में आई दरारें, जहरीली गैस के रिसाव से गोधर में दहशत

Dhanbad News: केंदुआडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुसुंडा के गोधर 6 नंबर एरिया सब स्टेशन के पीछे सोमवार दोपहर करीब 3 बजे अचानक तेज आवाज के साथ जमीन धंस गई. हवा चानक के पास हुए इस भू-धसान के कारण इलाके में एक बड़ा गोफ बन गया. घटना के तुरंत बाद आसपास के तीन घरों की दीवारें और फर्श भरभराकर दरक गए. जमीन धंसने और मकानों में बड़ी-बड़ी दरारें आने से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से कीमती सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे.

जहरीली गैस का रिसाव और बीसीसीएल के खिलाफ आक्रोश
भू-धसान वाले स्थान से लगातार खतरनाक और जहरीली गैस का रिसाव हो रहा है, जिससे स्थानीय आबादी के बीच भारी दहशत है. हादसे की सूचना पाकर केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. स्थानीय ग्रामीणों ने भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. लोगों का कहना है कि इस डेंजर जोन में पहले भी कई बार ऐसी खतरनाक घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रबंधन ने सुरक्षा या विस्थापन का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला.

250 परिवारों की जान खतरे में, सुरक्षित आवास की मांग
गोधर के इस प्रभावित क्षेत्र में करीब 250 परिवार रह रहे हैं, जिनकी जान लगातार हो रहे भू-धसान के कारण दांव पर लगी हुई है. इस हादसे में पीड़ित शिवनंदन पासवान और पार्वती देवी ने बीसीसीएल प्रशासन से तत्काल सुरक्षित स्थानों पर सरकारी आवास उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है. घटना के बाद बीसीसीएल प्रबंधन ने कागजी तौर पर क्षेत्र को डेंजर जोन तो घोषित कर दिया है, लेकिन हादसे के कई घंटों बाद तक किसी भी प्रशासनिक या कंपनी अधिकारी के मौके पर न पहुंचने को लेकर स्थानीय जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !