Jamshedpur News: जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में वर्षों से लोगों को परेशान कर रही ट्रैफिक जाम की समस्या अब खत्म होने की ओर है। स्वर्णरेखा नदी पुल सह फ्लाईओवर परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से अंतिम चरण में पहुंच चुका है। मानगो डिमना रोड स्थित ब्लू बेल्स स्कूल के पास से लेकर स्वर्णरेखा नदी के दूसरे छोर तक फ्लाईओवर का ढांचा अब साफ दिखाई देने लगा है। करीब 252 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस प्रोजेक्ट को 57 पिलरों पर तैयार किया जा रहा है।
अगस्त 2026 तक पूरा होगा निर्माण
निर्माण एजेंसी के अधिकारियों के अनुसार अगस्त 2026 तक हर हाल में पुल और फ्लाईओवर का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद डिमना रोड से गांधी घाट तक वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। न्यू पुरूलिया रोड हिस्से में फ्लाईओवर को जोड़ने के लिए गार्डर चढ़ाने का काम शुरू हो गया है, जिसे सड़क संकरी होने और जाम की आशंका के कारण केवल रात में किया जा रहा है।
रात में हो रहा गार्डर फिटिंग का काम
तकनीकी कारणों से एक रात में केवल एक ही गार्डर फिट किया जा रहा है, इसलिए इस प्रक्रिया को पूरा होने में लगभग दो महीने लग सकते हैं। परियोजना के तहत डिमना रोड की ओर चार लेन और न्यू पुरूलिया रोड की ओर दो लेन का फ्लाईओवर तैयार किया जा रहा है। स्वर्णरेखा नदी के भीतर पिलर निर्माण का काम पूरा हो चुका है, जबकि वर्कर्स फ्लैट क्षेत्र में दिन-रात निर्माण कार्य जारी है।
कुछ चुनौतियां अभी भी बाकी
परियोजना के अंतिम चरण में प्रशासनिक और तकनीकी चुनौतियां भी सामने हैं। न्यू पुरूलिया रोड क्षेत्र में वन विभाग से अंतिम अनुमति मिलना बाकी है, वहीं हाथी-घोड़ा मंदिर के सामने स्थित हाईटेंशन बिजली टावर भी निर्माण में बाधा बना हुआ है। इसे हटाने के लिए बिजली विभाग और प्रशासन के बीच समन्वय चल रहा है। फ्लाईओवर शुरू होने के बाद मानगो, डिमना रोड और न्यू पुरूलिया रोड क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव काफी कम होने और लाखों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।