Best DC 2026: रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री को देश के प्रभावशाली और चर्चित जिलाधिकारियों की सूची में शामिल किया गया है। फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट द्वारा जारी “श्रेष्ठ जिलाधिकारी-2026” सर्वेक्षण में उन्हें यह स्थान मिला है। देशभर के करीब 100 जिलाधिकारियों को इस सूची में जगह दी गई है।
यह चयन प्रशासनिक क्षमता, विकास कार्यों की गति, जनसंपर्क, नवाचार, पारदर्शिता और संकट प्रबंधन जैसे कई मानकों के आधार पर किया गया है। सर्वे में अधिकारियों के कार्यों का मूल्यांकन ग्राउंड रिपोर्ट, मीडिया विश्लेषण, जनभागीदारी और प्रशासनिक उपलब्धियों के जरिए किया गया।
रांची डीसी मंजूनाथ भजन्त्री को विशेष रूप से जनहित से जुड़े फैसलों, त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील प्रशासनिक कार्यशैली के लिए सराहा गया है। हाल के दिनों में जनता दरबार, स्कूलों की मनमानी पर कार्रवाई और योजनाओं के तेज क्रियान्वयन को लेकर उनकी सक्रियता चर्चा में रही है।
फेम इंडिया की ओर से बताया गया कि देश के लगभग 800 जिलों में कार्यरत अधिकारियों के कामकाज का अध्ययन करने के बाद यह सूची तैयार की गई है। इसमें सुशासन, जवाबदेही, जनसंवाद और विकासोन्मुख सोच को प्रमुख आधार बनाया गया।
झारखंड से इस सूची में रांची उपायुक्त का नाम शामिल होने को प्रशासनिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। सामाजिक संगठनों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि इससे जिले में बेहतर कार्यसंस्कृति और जनकेंद्रित प्रशासन को और मजबूती मिलेगी।