Seraikela News : गम्हरिया ब्लॉक परिसर में शनिवार को प्रशासनिक व्यवस्था की धज्जियां उड़ती नजर आईं। सरकारी कार्यालय परिसर में कार खड़ी कर खुलेआम शराब पार्टी कर रहे युवकों ने उस समय हंगामा खड़ा कर दिया, जब उन्हें रोकने पहुंचे अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार और सुरक्षा कर्मियों से बदसलूकी की गई।जानकारी के अनुसार ब्लॉक परिसर में क्रेटा, स्विफ्ट डिजायर और एक मोटरसाइकिल खड़ी कर चार युवक शराब पी रहे थे। उसी दौरान अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार लैंप्स कार्यालय के निरीक्षण पर पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उनकी नजर वहां मौजूद युवकों पर पड़ी।
रोकने पहुंचे सीओ से धक्का-मुक्की, एक युवक गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि जब अंचल अधिकारी ने युवकों को सरकारी परिसर में शराब पीने से रोका और पूछताछ करनी चाही, तब सभी युवक नशे की हालत में उल्टा उनसे और सुरक्षा कर्मियों से उलझ पड़े। आरोप है कि युवकों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और धक्का-मुक्की भी की।
स्थिति बिगड़ते देख सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। गिरफ्तार युवक की पहचान कल्याण कुमार प्रधान के रूप में हुई है, जबकि बाकी तीन युवक मौके से फरार हो गए।
सरकारी भवन पर अवैध कब्जे की भी चर्चा
सूत्रों के मुताबिक ब्लॉक परिसर स्थित एक सरकारी भवन पर लंबे समय से अवैध कब्जा किया गया है। चर्चा है कि उसी भवन से जुड़े लोगों द्वारा युवकों को बुलाकर शराब पार्टी कराई जा रही थी। घटना के बाद गिरफ्तार युवक को छुड़ाने के लिए कुछ सफेदपोश लोगों की सक्रियता बढ़ने की भी चर्चा है।
घटना ने सरकारी परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन छोटे दुकानदारों और गरीबों पर सख्ती दिखाता है, लेकिन रसूखदारों के खिलाफ कार्रवाई में ढिलाई बरती जाती है। अब लोगों की नजर जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।