IPL 2026: आज आईपीएल 2026 में डबल हेडर का रोमांच देखने को मिलेगा। दिन के पहले मुकाबले में Punjab Kings और Royal Challengers Bengaluru आमने-सामने होंगे। यह मैच दोपहर 3:30 बजे धर्मशाला में खेला जाएगा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब टीम लगातार हार के सिलसिले को तोड़ने उतरेगी। पीबीकेएस ने शानदार शुरुआत के बाद पिछले पांच मैच गंवाए हैं और 12 मैचों में 13 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। दूसरी ओर रजत पाटीदार की अगुवाई वाली आरसीबी 16 अंकों के साथ टॉप पर मौजूद है और जीत के साथ प्लेऑफ में जगह पक्की कर सकती है।
विराट पर रहेंगी नजरें, आरसीबी के हौसले बुलंद
धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर इस मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण Virat Kohli होंगे, जिन्होंने पिछले मैच में शानदार शतक जड़ा था। डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी इस सीजन सबसे संतुलित और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीम रही है। पिछले सीजन में भी बेंगलुरु ने पंजाब को हराकर खिताब अपने नाम किया था। ऐसे में रजत सेना उसी दबदबे को बरकरार रखते हुए प्लेऑफ टिकट कन्फर्म करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
पंजाब की गेंदबाजी बनी चिंता
पंजाब किंग्स की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी गेंदबाजी साबित हो रही है। धर्मशाला में खेले गए पिछले दो मुकाबलों में टीम अंतिम पांच ओवरों में नियंत्रण नहीं रख सकी और 210 व 200 रन जैसे बड़े स्कोर भी डिफेंड नहीं कर पाई। टी20 इतिहास में 200 से ज्यादा रन बनाने के बाद सबसे ज्यादा 10 मैच हारने का रिकॉर्ड भी पंजाब के नाम दर्ज है। Arshdeep Singh ने जरूर पिछले मैच में किफायती गेंदबाजी की थी, जबकि Azmatullah Omarzai ने अपने पहले ही मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन से प्रभावित किया। वहीं जेवियर बार्टलेट और मार्को यान्सन पूरे सीजन महंगे साबित हुए हैं।
भुवी-हेजलवुड के सामने पंजाब के बल्लेबाजों की परीक्षा
आरसीबी के अनुभवी तेज गेंदबाज Bhuvneshwar Kumar का पंजाब के टॉप ऑर्डर के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने प्रियांश आर्य को 25 गेंदों में सिर्फ 24 रन दिए हैं, जबकि प्रभसिमरन सिंह को पांच बार आउट किया है। वहीं कप्तान Shreyas Iyer भी भुवनेश्वर के खिलाफ संघर्ष करते दिखे हैं। दूसरी ओर Josh Hazlewood ने भी अय्यर को 22 गेंदों में चार बार पवेलियन भेजा है। ऐसे में आज का मुकाबला सिर्फ दो टीमों के बीच नहीं, बल्कि बल्लेबाजों और गेंदबाजों की बड़ी जंग भी साबित हो सकता है।