Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-17

West Bengal News: पश्चिम बंगाल में टीएमसी दफ्तर से मिले 100 से अधिक आधार कार्ड और सरकारी जमीन के अवैध दस्तावेज

West Bengal News: पश्चिम बंगाल के साल्ट लेक इलाके में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक पार्टी कार्यालय से भारी संख्या में आधार कार्ड और सरकारी जमीन के अवैध सौदों से जुड़े कागजात बरामद होने से हड़कंप मच गया है. यह सनसनीखेज मामला बिधाननगर नगर निगम के वार्ड नंबर 36 के अंतर्गत आने वाली बसंती देवी कॉलोनी स्थित टीएमसी कार्यालय का है. इस खुलासे के बाद इलाके में भारी तनाव देखा जा रहा है और बरामद सामान की सुरक्षा के लिए स्थानीय लोग खुद मौके पर जमा हो गए.

आधार कार्ड मंगवाकर लोगों से छिपाने का आरोप
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बरामद किए गए सभी आधार कार्ड इसी क्षेत्र के नागरिकों के हैं. लोगों ने बताया कि आधार कार्ड के लिए आवेदन करते समय उनका पता टीएमसी पार्टी दफ्तर का ही दर्ज कराया जाता था, जिसके कारण डाक से कार्ड सीधे पार्टी कार्यालय पहुंचते थे. जब भी स्थानीय लोग अपना कार्ड मांगने वहां जाते, तो पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा कार्ड न आने की बात कहकर उन्हें टाल दिया जाता था. इस गड़बड़झाले से परेशान होकर स्थानीय लोगों ने बीती 4 मई को इस दफ्तर में ताला जड़ दिया था, जिसे दोबारा खोलने पर यह बरामदगी हुई.

पुलिस ने जब्त किए दस्तावेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिधाननगर दक्षिण पुलिस थाने को तुरंत इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सभी आधार कार्ड और संदिग्ध दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया है. पश्चिम बंगाल में पहले से ही घुसपैठ और फर्जी पहचान पत्रों को लेकर लगातार राजनीतिक विवाद चलता रहा है. ऐसे में सीधे सत्ताधारी दल के कार्यालय से इतनी बड़ी संख्या में सरकारी दस्तावेज मिलना विपक्षी दलों के लिए एक बड़ा मुद्दा बन गया है, जिससे टीएमसी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.

सरकारी जमीनों के अवैध धंधे का भी पर्दाफाश
आधार कार्ड के अलावा पार्टी दफ्तर से सरकारी जमीन की अवैध खरीद-बिक्री और कब्जे से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, इस दफ्तर के जरिए लंबे समय से सरकारी जमीनों की अवैध रूप से डीलिंग की जा रही थी, जिसमें कई रसूखदार लोग शामिल हैं. पुलिस ने इस पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन दस्तावेजों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से और किन लोगों की शह पर किया जा रहा था.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !