Adityapur News: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया ब्लॉक परिसर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ युवक स्विफ्ट डिजायर कार (JH05CL0955) और मोटरसाइकिल (JH05DJ1832) के साथ परिसर में खुलेआम शराब का सेवन कर रहे थे। उसी दौरान अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार लैंप्स कार्यालय के निरीक्षण पर पहुंचे, जहां उन्होंने यह स्थिति देखी।
सीओ से उलझे नशे में युवक, धक्का-मुक्की से बढ़ा तनाव
निरीक्षण के दौरान सीओ प्रवीण कुमार ने जब युवकों को रोकने का प्रयास किया तो वे उल्टा वें अधिकारी और सुरक्षा कर्मियों से ही उलझ पड़े। नशे की हालत में युवकों ने कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और धक्का-मुक्की भी की, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
सुरक्षा कर्मियों ने एक आरोपी को दबोचा, तीन फरार
सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। गिरफ्तार युवक की पहचान कल्याण कुमार प्रधान के रूप में हुई है, जबकि अन्य तीन युवक मौके से फरार हो गए।
युवक को छुड़ाने थाने पहुंचे लोग, अवैध कब्जे की चर्चा
फिलहाल मामले की जांच जारी है और गिरफ्तार युवक को छुड़ाने के लिए कुछ लोगों के थाने पहुंचने की भी जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, घटना स्थल पर स्थित सरकारी भवन पर अवैध कब्जे से जुड़े विवाद की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।