Bihar News : बिहार के कसार थाना क्षेत्र के बरसा गांव से अपहृत पांच वर्षीय दीपांशु कुमार का क्षत-विक्षत शव पुलिस ने बरामद किया है। मासूम के अपहरण के नौ दिन बाद नवादा जिले के कौआकोल स्थित सुम्भा पहाड़ की खोह से शव और कपड़े बरामद किए गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।जानकारी के अनुसार दीपांशु, कन्हैया पंडित का पुत्र था। वह 7 मई की शाम गांव में खेलते समय रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था। दो दिनों तक कोई सुराग नहीं मिलने के बाद 9 मई को पिता ने थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया था।
साइबर फ्रॉड के 15 लाख रुपये के बंटवारे में हत्या का आरोप
मामले की जांच के दौरान पुलिस को साइबर ठगी से जुड़े पैसे का एंगल मिला। बलराम कुमार चौधरी ने बताया कि मृतक के पिता के खाते में साइबर फ्रॉड के 15 लाख रुपये आए थे। इसी रकम के बंटवारे को लेकर आरोपियों ने बच्चे का अपहरण किया और बाद में उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने मामले में बरसा गांव के संतोष मांझी, प्रदीप मांझी, अजीत मांझी और संदीप मांझी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर ही मासूम का शव सुम्भा पहाड़ की खोह से बरामद किया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
एसपी ने बताया कि हत्या के इस मामले में अभी अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क और साइबर ठगी से जुड़े पैसों की जांच भी कर रही है।
उन्होंने कहा कि अगर शुरुआती दौर में पूरी सच्चाई सामने आ जाती, तो संभवतः मासूम की जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।