Adityapur News: गम्हरिया के उषा मोड़ चौक पर शनिवार दोपहर उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब अतिक्रमण हटाने की चेतावनी देने पहुंचे अंचल निरीक्षक बलवंत सिंह के साथ एक दुकानदार ने बदतमीजी शुरू कर दी। उपायुक्त के निर्देश पर पूरे इलाके में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची थी।
चेतावनी के दौरान दुकानदार पवन ने किया हंगामा, प्रशासन करेगा कार्रवाई
अंचल निरीक्षक ने अतिक्रमण कर चुके दुकानदारों को जल्द जगह खाली करने की चेतावनी दी। इसी दौरान पवन नामक दुकानदार ने प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध करते हुए बहस और अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। घटना के बाद प्रशासन ने पवन की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
गैस पाइपलाइन के ऊपर कब्जा बना खतरा, प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी
बलवंत सिंह ने बताया कि उषा मोड़ चौक के जिस इलाके में अवैध कब्जा किया गया है, वहां से गैस पाइपलाइन गुजरती है। सुरक्षा कारणों से इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कई दुकानदार लंबे समय से वहां कब्जा जमाए हुए हैं।
सरकारी जमीन पर कब्जा कर वसूला जा रहा किराया, प्रशासन ने चिन्हित किया मास्टरमाइंड
सूत्रों के अनुसार सालडीह निवासी एक व्यक्ति पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करवाने और दुकानदारों से किराया वसूलने का आरोप है। प्रशासन ने संबंधित व्यक्ति की पहचान कर ली है, लेकिन फिलहाल उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है।