Jamshedpur: जिला प्रशासन की ओर से रविंद्र भवन सभागार में शनिवार को जिला स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले Jharkhand Academic Council (JAC), Central Board Of Secondary Education (CBSE) और Council For The Indian School Certificate Examinations (ICSE) बोर्ड के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त राजीव रंजन ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों व अभिभावकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
CBSE बोर्ड के टॉपर्स रहे आकर्षण का केंद्र
CBSE 10वीं परीक्षा में श्रेया जनपना ने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। वहीं 12वीं साइंस में शायर दत्ता ने 97.6 प्रतिशत, बायो-साइंस में सालेहा परवीन ने 95.8 प्रतिशत, कॉमर्स में श्रेयांशी धाल ने 98.6 प्रतिशत और आर्ट्स में प्रज्ञा शर्मा ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
ICSE बोर्ड में छात्रों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन
ICSE 10वीं में हर्षित सिंघानिया ने 99.2 प्रतिशत अंक हासिल किए। 12वीं साइंस में स्नेहाश्री बिस्वास ने 99.5 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि बायो-साइंस में शांभवी तिवारी ने शत-प्रतिशत यानी 100 प्रतिशत अंक हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। कॉमर्स में संध्या सरकार ने 98.75 प्रतिशत और आर्ट्स में स्नेहा दत्ता ने 98.25 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
JAC मैट्रिक और इंटर के मेधावी छात्र भी हुए सम्मानित
JAC मैट्रिक परीक्षा में ओम कुमार ने 492 अंक यानी 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बने। इसके अलावा शिप्रा प्रधान, गीता गोराई, उमेश मांडी, अनामिका महतो, कोयल रानी शाह, मोहन महतो, हेमा मन्ना और खुशी कुमारी को भी सम्मानित किया गया। JAC इंटर साइंस में कृष्णा रॉय और सक्षम मिश्रा ने संयुक्त रूप से 95.2 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं कॉमर्स में कृती कुमारी ने 90.2 प्रतिशत अंक के साथ टॉप किया। आर्ट्स संकाय में रेखा कुमारी ने 93.6 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का दिया संदेश
उपायुक्त राजीव रंजन ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि जिले के मेधावी छात्र-छात्राएं आने वाले समय में राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को लगातार मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी। कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।