Truck Union Strike: पश्चिम बंगाल के नेटुरा स्थित बंगाल बॉर्डर चेक पोस्ट पर जमशेदपुर ट्रक एवं ट्रेलर ओनर्स एसोसिएशन द्वारा शुक्रवार को शुरू किया गया अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन फिलहाल स्थगित कर दिया गया। सुबह 9 बजे शुरू हुआ आंदोलन शाम 4 बजे पश्चिम बंगाल सरकार के आश्वासन के बाद टाल दिया गया। सरकार ने मामले पर विचार के लिए समय मांगा है।
अतिरिक्त टैक्स वसूली का लगाया आरोप
एसोसिएशन के महामंत्री मनीष कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल परिवहन विभाग ट्रक और ट्रेलर मालिकों से विभिन्न नामों पर अतिरिक्त टैक्स वसूल रहा है। उन्होंने बताया कि वाहन मालिकों से 11 हजार रुपये वार्षिक एडिशनल टैक्स, 1200 रुपये मासिक मैकेनिकल टैक्स और 236 रुपये प्रति ट्रिप लोकल टोल टैक्स लिया जा रहा है।
डायवर्जन मार्गो पर भी हो रही वसूली
संगठन का कहना है कि छोटे-छोटे डायवर्जन मार्गों पर भी वाहनों को रोककर अतिरिक्त वसूली की जाती है। ट्रक मालिकों ने इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि देश के अन्य राज्यों में ऐसी व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी वाहन पहले से ही ऑल इंडिया परमिट के तहत संचालित होते हैं, जिसके लिए शुल्क पहले ही जमा किया जा चुका है।
“गुंडा टैक्स” बंद करने की मांग
धरना दे रहे पदाधिकारियों और सदस्यों ने पश्चिम बंगाल की नई सरकार से सभी अतिरिक्त टैक्स समाप्त करने की मांग की। संगठन ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान कथित रूप से “गुंडा टैक्स” के नाम पर वसूली की जाती रही है। ट्रांसपोर्टरों ने नई सरकार से इस मामले में सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई।
500 से अधिक ट्रांसपोर्टर हुए शामिल
धरना-प्रदर्शन में जमशेदपुर ट्रक एवं ट्रेलर ओनर्स एसोसिएशन के करीब 500 सदस्य शामिल हुए। इसके अलावा कोलकाता ट्रक एसोसिएशन, बड़बिल यूनियन और क्योंझर यूनियन के पदाधिकारी भी आंदोलन में पहुंचे। कार्यक्रम में संगठन के अध्यक्ष जसवीर सिंह, महामंत्री मनीष कुमार सिंह और कोषाध्यक्ष रंजीत सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।