Jharkhand News: झारखंड के सभी सरकारी विद्यालयों में 19 से 21 मई 2026 तक तीन दिवसीय समर कैंप आयोजित किया जाएगा. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से गर्मी की छुट्टियों से पहले इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन कराया जा रहा है. राज्य में 22 मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होने वाला है.
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के तहत आयोजित इस समर कैंप में कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थी शामिल होंगे. कार्यक्रम का संचालन संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की देखरेख में किया जाएगा.
समर कैंप की थीम "सीखें, खेलें, सृजन करें" रखी गई है. इसके तहत बच्चों के शारीरिक, मानसिक, रचनात्मक और सांस्कृतिक विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां कराई जाएंगी.
पहले दिन 19 मई को फिटनेस और पारंपरिक खेलों पर आधारित कार्यक्रम होंगे. विद्यार्थियों को योग, दौड़, रस्सीकूद और पारंपरिक खेलों में शामिल कराया जाएगा. साथ ही स्थानीय संस्कृति से जुड़े खिलौने और कलाकृतियां बनाने की गतिविधियां भी होंगी.
दूसरे दिन 20 मई को खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा. इसमें कबड्डी, खो खो, फुटबॉल और वॉलीबॉल जैसे खेल शामिल रहेंगे. इसके अलावा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और खेल विषय पर पोस्टर निर्माण, विद्यालय बैंड और समूह गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी.
तीसरे दिन 21 मई को सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर विशेष जोर रहेगा. इस दिन लोकगीत, क्षेत्रीय नृत्य, कहानी वाचन, पुस्तक पठन और चित्रकला जैसी गतिविधियां कराई जाएंगी. बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शिक्षकों द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा.
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी विद्यालयों को समर कैंप की तैयारी पहले से पूरी करने, व्यापक प्रचार प्रसार करने और प्रतिदिन की गतिविधियों की रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. विद्यालयों को हर दिन की तस्वीरें प्रखंड और जिला स्तर पर साझा करनी होंगी.
गर्मी को देखते हुए विद्यार्थियों को पानी साथ लाने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है. जिन स्कूलों में खेल, संगीत और कला से जुड़े संसाधन उपलब्ध हैं, वहां विशेष प्रशिक्षण शिविर भी लगाए जा सकते हैं.
परिषद का मानना है कि यह समर कैंप बच्चों में खेल भावना, रचनात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और सांस्कृतिक जागरूकता विकसित करने में मददगार साबित होगा.