Seraikela: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत कपाली ओपी पुलिस ने पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
चापड़ से हमला कर युवक को किया था घायल
जानकारी के अनुसार, 9 अगस्त 2025 को दोपहर करीब 2:30 बजे नगर परिषद कार्यालय के सामने स्थित पुल के पास मानगो निवासी एक युवक पर कुछ युवकों ने चापड़ से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कांड दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में कपाली ओपी थाना में दिनांक 10 अगस्त 2025 को दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य वजह थी।
मुख्य आरोपी शेख फैज गिरफ्तार
जांच के क्रम में पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त शेख फैज (25 वर्ष), निवासी न्यू डीएस फ्लैट, केबल टाउन, गोलमुरी, पूर्वी सिंहभूम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर पुलिस की नजर बनी हुई है।