Jharkhand Weather Update: झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। आज राज्य में तेज गर्मी और आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह से ही कड़ी धूप लोगों को परेशान कर सकती है। खासकर पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। डाल्टनगंज आज राज्य का सबसे गर्म इलाका रह सकता है। वहीं रांची में अधिकतम तापमान करीब 39°C और न्यूनतम 23°C रहने की संभावना है।
दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह, पठारी इलाकों में मिलेगी राहत
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घर से कम निकलने की सलाह दी है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दूसरी ओर रांची, खूंटी, लोहरदगा और गुमला जैसे मध्य और दक्षिणी जिलों में अपेक्षाकृत राहत रहने की उम्मीद है। यहां हल्की हवाएं और बादलों की आवाजाही मौसम को थोड़ा सुहावना बनाए रख सकती है।
कई जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी
रांची मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की है। गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह और धनबाद में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। साथ ही वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना जताई गई है। वहीं रांची, रामगढ़, बोकारो, खूंटी और सिंहभूम में भी 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
राजधानी रांची में शाम तक बदल सकता है मौसम का मिजाज
राजधानी रांची में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर बाद हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम सुहावना रहने के कारण शाम के समय तापमान में गिरावट महसूस की जा सकती है।