Dhanbad News : झारखंड हाईकोर्ट ने धनबाद सिविल कोर्ट परिसर में पार्किंग की समस्या को गंभीरता से लेते हुए अस्थायी पार्किंग स्थल के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया है। अदालत ने कहा कि अधिवक्ताओं और मुवक्किलों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।यह मामला धनबाद बार एसोसिएशन की ओर से दायर जनहित याचिका से जुड़ा है। मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस एम.एस. सोनक और न्यायमूर्ति राजेश शंकर की खंडपीठ में हुई।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोर्ट गंभीर
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से बताया गया कि फिलहाल अस्थायी पार्किंग व्यवस्था लागू की जा रही है। इस पर याचिकाकर्ता पक्ष ने कहा कि नए पार्किंग स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है ताकि अधिवक्ताओं और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कोर्ट ने इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए अस्थायी पार्किंग स्थल के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
स्थायी पार्किंग समाधान जल्द विकसित करने का निर्देश
हाईकोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल अस्थायी व्यवस्था पर्याप्त नहीं होगी। अदालत ने स्थायी समाधान की दिशा में तेजी से काम करने पर जोर दिया।
कोर्ट ने धनबाद जेल परिसर को जल्द खाली कराने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि वहां स्थायी पार्किंग सुविधा विकसित की जा सके और लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो सके।