Palamu News : जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में एक 68 वर्षीय बुजुर्ग, बिंदिया साव पर साढ़े चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को टॉफी दिलाने के बहाने अपने घर बुलाया और इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब बच्ची की मां ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-139 पर लगाया जाम
इस घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी की जमकर पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। न्याय की मांग को लेकर लोगों ने एनएच-139 को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल, जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया और यातायात बहाल कराया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।