Delhi Crime News: दिल्ली में एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. राजधानी के रानी बाग इलाके में चलती स्लीपर बस के अंदर एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने बस चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बस को भी जब्त कर लिया है. मामले ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है और सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि दो लोगों ने बस के अंदर उसके साथ बलात्कार किया. महिला पीतमपुरा की एक झुग्गी बस्ती में रहती है और मंगोलपुरी की एक फैक्ट्री में काम करती है. घटना सोमवार रात की बताई जा रही है.
काम से लौट रही महिला को समय पूछना पड़ा भारी, आरोप है कि जबरन बस में बैठाकर वारदात को दिया गया अंजाम
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, 11 मई की रात महिला काम खत्म करने के बाद घर लौट रही थी. इसी दौरान सरस्वती विहार इलाके के एक बस स्टॉप पर एक स्लीपर बस आकर रुकी. महिला ने कथित तौर पर बस के दरवाजे पर खड़े व्यक्ति से समय पूछा था. आरोप है कि इसके बाद उस व्यक्ति ने महिला को जबरन बस के अंदर बैठा लिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी बस को नांगलोई की तरफ लेकर गया जहां महिला के साथ दुष्कर्म किया गया. पुलिस ने बताया कि पीड़िता विवाहित है और उसके तीन बच्चे हैं. मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हर पहलू से जांच की जा रही है.
निर्भया कांड से हुई तुलना, आम आदमी पार्टी ने दिल्ली पुलिस और उपराज्यपाल पर उठाए सवाल
इस घटना के बाद आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. पार्टी के दिल्ली प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने इस घटना की तुलना निर्भया कांड से की है. सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि जिस तरह निर्भया मामले में महिला को बस में ले जाकर अपराध किया गया था, उसी तरह इस मामले में भी एक महिला को रात में समय पूछने के बहाने बस में ले जाया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया. उन्होंने दावा किया कि बस करीब दो घंटे तक इलाके में घूमती रही. AAP नेता ने दिल्ली पुलिस और उपराज्यपाल पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि गंभीर अपराधों के बावजूद प्रशासन संवेदनशीलता नहीं दिखा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है.
दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा फिर बनी बड़ा सवाल, लोगों में गुस्सा और डर का माहौल
इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर बहस छेड़ दी है. देर रात काम से लौटने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लोग चिंता जता रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी लोग इस मामले में सख्त कार्रवाई और तेज न्याय की मांग कर रहे हैं. फिलहाल दिल्ली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना में और कोई व्यक्ति शामिल था या नहीं. वहीं, लोगों की नजर अब इस बात पर है कि आरोपियों के खिलाफ कितनी तेजी से कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ती है.