Palamu News: Jharkhand के पलामू जिले में बुधवार देर शाम आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। जिले के अलग-अलग इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाओं में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। कई कच्चे मकान, झोपड़ियां और सोलर प्लेटें क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
पीपल का पेड़ गिरा, बाइक सवार की गई जान
हैदरनगर थाना क्षेत्र के हाई स्कूल-शिवालय रोड स्थित मरघटिया के पास तेज आंधी के दौरान एक विशाल पीपल का पेड़ सड़क पर गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से बिहार के औरंगाबाद निवासी 50 वर्षीय कामदेव चंद्रवंशी की मौत हो गई, जबकि अनिल चंद्रवंशी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों इलाज कराकर बाइक से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
बारात में जा रहे युवक की दर्दनाक मौत
लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नौडीहा गांव में भी आंधी-पानी ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। 18 वर्षीय पप्पू कुमार साउंड सिस्टम लेकर बारात में जा रहा था, तभी तेज हवा के कारण सड़क किनारे खड़ा पेड़ उसके ऊपर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने जेसीबी से पेड़ हटाकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
रेलवे सेवाएं भी हुई प्रभावित
तेज तूफान का असर Daltonganj Railway Station के पास भी देखने को मिला। सिंगरा इलाके में रेलवे का तार टूट जाने से करीब एक घंटे तक रेल परिचालन बाधित रहा। कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से यातायात और बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
प्रशासन ने शुरू किया नुकसान का आकलन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। हैदरनगर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। प्रशासन ने आंधी-पानी से हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और प्रभावित इलाकों में राहत कार्य जारी है।