Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चांडिल थाना क्षेत्र के चिल्गु के समीप कई गांवों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। यह अभियान उपायुक्त सरायकेला-खरसावां के निर्देश एवं अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में संचालित किया गया।
05 अवैध चुलाई अड्डे किए ध्वस्त
उत्पाद विभाग की टीम ने चांडिल थाना अंतर्गत ग्राम खोखरोडीह, जड़ियाडीह, चाकुलिया और हमसदा टोला में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कुल 05 अवैध महुआ चुलाई अड्डों को ध्वस्त कर दिया गया। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
1000 किलो जावा महुआ और 50 लीटर शराब बरामद
छापेमारी अभियान के दौरान टीम ने लगभग 1000 किलोग्राम जावा महुआ और 50 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की। बरामद शराब एवं जावा महुआ को नियमानुसार जब्त कर मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि अभियान पूरी सख्ती और गोपनीय तरीके से चलाया गया।
कानूनी कार्रवाई जारी, अभियान रहेगा लगातार
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री में शामिल अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। विभाग ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार चलता रहेगा और दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।