Chaibasa News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस और उत्पाद विभाग ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई की। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ग्राम लातार्सिका में छापेमारी कर महुआ शराब की 5 अवैध भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान जंगल और बस्ती के आसपास संचालित अवैध शराब अड्डों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई।
4000 लीटर जावा महुआ नष्ट, उपकरण भी किए जब्त
छापेमारी के दौरान करीब 4000 लीटर जावा महुआ की कच्ची शराब बरामद हुई, जिसे प्रशासन ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले ड्रम, पाइप और अन्य उपकरण भी जब्त कर नष्ट किए गए। यह अभियान मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार और उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में चलाया गया।
पुलिस पहुंची तो भाग निकले कारोबारी, तलाश जारी
प्रशासन ने बताया कि पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही शराब कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए, जिसके कारण कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी। हालांकि, अवैध शराब निर्माण में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी चल रही है। इलाके में निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
ग्रामीणों से अपील- अवैध शराब की सूचना तुरंत दें
अधिकारियों ने कहा कि अवैध महुआ शराब का निर्माण और बिक्री कानूनन अपराध है और यह लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरनाक साबित हो सकती है। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि कहीं भी अवैध शराब निर्माण की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या उत्पाद विभाग को सूचना दें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।