Jamshedpur News: जमशेदपुर के एग्रिको ट्रिपल मर्डर मामले में मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद तीनों शवों को अंतिम संस्कार के लिए स्वर्णरेखा बर्निंग घाट लाया गया. जब तीनों शवों को स्वर्णरेखा बर्निंग घाट लाया गया तो वहां का नजारा अत्यंत हृदयविदारक था. शवों के पहुंचते ही परिजनों का धैर्य जवाब दे गया. घाट पर मौजूद महिलाओं और अन्य रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है. अपनों को खोने के गम में चीख-पुकार और करुण क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया है. वहां मौजूद हर शख्स की आंखें इस मंजर को देख नम हो गईं.
कुल्हाड़ी या हथौड़े से वार कर बेरहमी से हत्या
पुलिस की शुरुआती जांच और घटनास्थल की स्थिति से यह सामने आया है कि तीनों की हत्या सिर पर कुल्हाड़ी या हथौड़े से प्रहार कर की गई है. मृतकों के सिर पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं. सबसे हृदयविदारक पहलू यह है कि बेटी सुप्रिया तीन माह की गर्भवती थी और रविवार रात को ही मायके आई थी. परिजनों के अनुसार, रात तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन रात के किसी पहर में हुए विवाद ने इस वीभत्स हत्याकांड का रूप ले लिया.
बेटे के बयान पर प्राथमिकी दर्ज, आरोपी पिता को जेल भेजने की तैयारी
इस जघन्य मामले में पुलिस ने आरोपी रवींद्र प्रसाद सिंह के दूसरे बेटे अभिषेक के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी रवींद्र को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल भेजने की कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. मृतका सरिता सिंह के भाई उदय सिंह ने बताया कि घर में छोटे-मोटे विवाद होते रहते थे, लेकिन वह इतने हिंसक हो जाएंगे, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी. एग्रिको के क्रॉस रोड नंबर 13 स्थित इस क्वार्टर में हुई वारदात ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है.
साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम (FSL) ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले की पूरी चार्जशीट तैयार कर ली जाएगी.