Ranchi News : झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े जमीनी कार्यकर्ताओं के लिए बड़ा फैसला लिया है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए “झारखंड स्वास्थ्य प्रहरी” योजना के तहत सहिया, सहिया साथी और स्वतंत्र साधन सेवी को अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने की मंजूरी दे दी है।
स्वास्थ्य कर्मियों को अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने का फैसला
सरकार ने इस योजना के लिए कुल 1,08,34,65,000 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इस राशि का उद्देश्य राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर काम कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों का मनोबल बढ़ाना है।
योजना के तहत ग्रामीण और शहरी सहिया को 2000 रुपये प्रतिमाह अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए 10311.36 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
सहिया साथी, BTT और STT को भी मिलेगा अतिरिक्त लाभ
सरकार की ओर से सहिया साथी को 50 रुपये प्रतिदिन अतिरिक्त राशि देने का निर्णय लिया गया है। इस मद में 348.42 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा प्रखंड प्रशिक्षक दल यानी BTT को 80 रुपये प्रतिदिन अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि मिलेगी, जिसके लिए 161.05 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं राज्य प्रशिक्षक दल STT को 100 रुपये प्रतिदिन अतिरिक्त राशि दी जाएगी। इसके लिए 13.82 लाख रुपये का बजट तय किया गया है।
सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी राशि
सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी लाभार्थियों को राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी, ताकि भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो। योजना का संचालन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड के तहत किया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के हस्ताक्षर से जारी आदेश में कहा गया है कि राशि की निकासी और व्यय की जिम्मेदारी निदेशक प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं के पास होगी। भुगतान सचिवालय कोषागार डोरंडा रांची से किया जाएगा।
सरकार के इस फैसले को राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने और स्वास्थ्य कर्मियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।