Assam Politics: असम में भारतीय जनता पार्टी ने लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी कर इतिहास रच दिया है. इसी के साथ हिमंता बिस्व सरमा ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ एक बार फिर साबित कर दी. गुवाहाटी के वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में देशभर के कई बड़े नेता मौजूद रहे. शपथ लेने के बाद हिमंता बिस्व सरमा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए के वरिष्ठ नेताओं का अभिनंदन किया. समारोह के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी काफी उत्साह देखने को मिला.
चार नेताओं ने भी ली मंत्री पद की शपथ
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा के साथ चार अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली. राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने रामेश्वर तेली, चरण बोरो, अतुल बोरा, और अजंता नियोग को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. नई सरकार के गठन के साथ अब राज्य में अगले पांच वर्षों के विकास और राजनीतिक दिशा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. बीजेपी इसे जनता के भरोसे और विकास की राजनीति की जीत बता रही है.
शपथ ग्रहण समारोह में जुटे देशभर के बड़े नेता
गुवाहाटी में हुए इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन समेत एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल हुए.
समारोह को बीजेपी ने शक्ति प्रदर्शन और पूर्वोत्तर में अपनी मजबूत राजनीतिक मौजूदगी के रूप में भी पेश किया. नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर का राजनीतिक आयोजन बना दिया.
शपथ से पहले हिमंता ने खुद बताए थे मंत्रियों के नाम
शपथ ग्रहण से एक दिन पहले हिमंता बिस्व सरमा ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा कर मंत्रियों के नामों की घोषणा की थी. उन्होंने खुशी जताते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में उनके सहयोगी मंत्री पद की शपथ लेंगे. उन्होंने यह भी बताया कि विधायक रणजीत दास को असम विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार बनाया जाएगा. हिमंता ने सभी नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी टीम मिलकर मजबूत, विकसित और समृद्ध असम के निर्माण के लिए लगातार काम करेगी.
बीजेपी नेताओं ने जीत को बताया विकास की राजनीति की जीत
शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीजेपी सरकार बनने पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार लगातार विकास के नए कीर्तिमान बना रही है.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसे बेहद खुशी का दिन बताया. उन्होंने असम की जनता का आभार जताते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में असम में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं और आने वाले पांच साल राज्य के विकास को नई दिशा देंगे.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी 12 मई को बीजेपी और असम के लिए खास दिन बताया. उन्होंने कहा कि हिमंता बिस्व सरमा ने राज्य के हर वर्ग के लिए काम किया है और जनता ने उन पर दोबारा भरोसा जताया है.
कई बड़े नेताओं ने दी बधाई
समारोह में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और असम बीजेपी अध्यक्ष दिलीप सैकिया समेत कई नेताओं ने हिस्सा लिया. सभी नेताओं ने हिमंता बिस्व सरमा को लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी और नई सरकार को लेकर भरोसा जताया.