Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-10

Hazaribagh News: बरकट्ठा में सिक्स लेन का रास्ता साफ, प्रशासन ने थमाया अल्टीमेटम, 14 मई से चलेगा बुलडोजर

Hazaribagh: बरकट्ठा में पिछले कई वर्षों से अटके जीटी रोड (NH-2) सिक्स लेन चौड़ीकरण के काम को अब रफ्तार मिलने वाली है। हजारीबाग जिला प्रशासन ने सड़क निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने की पूरी तैयारी कर ली है। बरकट्ठा अंचल अधिकारी (CO) नवीन भूषण कुल्लू ने इस संबंध में सार्वजनिक नोटिस जारी कर दिया है, जिससे साफ है कि अब विकास की राह में आने वाले अवैध ढांचों को बख्शा नहीं जाएगा।

13 मई तक का समय: स्वयं हटा लें अतिक्रमण
प्रशासन द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि मौजा बरकट्ठा और परबत्ता के अंतर्गत केसरे हिंद और रैयती भूमि पर जो भी अवैध निर्माण या अतिक्रमण किए गए हैं, उन्हें संबंधित लोग 13 मई तक खुद हटा लें। प्रशासन ने इसे एक अवसर के रूप में दिया है ताकि लोग अपनी सामग्री और ढांचे सुरक्षित निकाल सकें। अधिकारियों ने अपील की है कि जनहित और सड़क सुरक्षा को देखते हुए इस कार्य में सहयोग करें।

भारी पुलिस बल के साथ होगी कार्रवाई
प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि 13 मई तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो 14 मई से बलपूर्वक कार्रवाई शुरू की जाएगी। इस अभियान के दौरान होने वाले किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी पूरी तरह से अतिक्रमणकारियों की होगी। हजारीबाग उपायुक्त (DC) के निर्देश पर बरही एसडीओ और डीएसपी को सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का जिम्मा सौंपा गया है। मौके पर दंडाधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में महिला और पुरुष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

वर्षों का इंतजार अब होगा खत्म
बरकट्ठा में सिक्स लेन सड़क का निर्माण कार्य लंबे समय से जमीन विवाद और अतिक्रमण के कारण लटका हुआ था, जिससे आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनी रहती थी। अब जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के बीच बेहतर समन्वय के बाद इस प्रोजेक्ट को पूरा करने की कवायद तेज हुई है। चौपारण से लेकर बरही और बरकट्ठा तक के अंचल क्षेत्रों में जितने भी अवरोधक हैं, उन्हें नियमानुसार हटाने की योजना तैयार कर ली गई है।



WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !