Jharkhand News: राज्य की अदालतों में केस निष्पादन का स्ट्राइक रेट बढ़कर 73 फीसदी हो चुका है. अब तारीख पर तारीख के दौर को पीछे छोड़ते हुए त्वरित न्याय पर पूरा फोकस किया जा रहा है. पिछले 10 साल यानी जनवरी 2016 से अब तक झारखंड की विभिन्न अदालतों में कुल 3,87,157 मामले दर्ज किए गए. इनमें से 2,84,824 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया गया है. यानी दर्ज हुए कुल मुकदमों में से लगभग 73 फीसदी से अधिक मामलों में फैसला सुनाया जा चुका है. वर्तमान में केवल 1,02,333 केस ही प्रक्रियाधीन हैं.
आपराधिक मुकदमों के निपटारे में बेहतर प्रदर्शन
आपराधिक मामलों में भी प्रदर्शन बेहतर रहा है. पिछले 10 वर्षों में कुल 2,92,381 क्रिमिनल केस दर्ज हुए, जिनमें से 2,34,344 केस निपटा लिए गए हैं. अब अदालतों में मात्र 58,037 मामले ही शेष हैं. वर्ष 2026 के शुरुआती महीनों में अब तक 9,504 केस दर्ज किए गए हैं.
सिविल मामलों के समाधान में आई तेजी
सिविल मामलों के निष्पादन में भी तेजी आई है. जमीन-जायदाद और अन्य नागरिक विवादों में कुल 94,776 दर्ज मामलों में से 50,480 मामलों का निपटारा किया जा चुका है, जबकि 44,296 केस अभी प्रक्रियाधीन हैं. वर्ष 2026 में अब तक 4,456 सिविल मामले दर्ज हुए हैं.
पिछले चार वर्षों के आंकड़ों का विवरण
पिछले चार वर्षों में आए क्रिमिनल केस की संख्या वर्ष 2023 में 31,530, वर्ष 2024 में 28,163, वर्ष 2025 में 28,140 और वर्ष 2026 में 9,504 रही. वहीं, सिविल केस वर्ष 2023 में 10,460, वर्ष 2024 में 11,811, वर्ष 2025 में 12,451 और वर्ष 2026 में अब तक 4,456 दर्ज हुए हैं.