Giridih News : झारखंड के गिरिडीह जिले में जंगली हाथी के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना बिरनी थाना क्षेत्र के बंगराकला गांव के पास स्थित वन क्षेत्र की है। मृतका की पहचान बंगराकला निवासी 50 वर्षीय राजिया देवी के रूप में की गई है।जानकारी के अनुसार, राजिया देवी किसी काम से जंगल की ओर गई थीं। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी वहां आ गया और उसने महिला पर हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, परिजनों को दी गई राहत राशि
घटना की सूचना मिलते ही बिरनी थाना पुलिस और वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच के बाद घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
वन विभाग की ओर से मृतका के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सरकार की ओर से निर्धारित 4 लाख रुपये का मुआवजा भी दिया जाएगा।
घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में जंगली हाथियों की लगातार निगरानी करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।