Ranchi News : झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल RIMS Ranchi में जल्द ही पेट-सीटी स्कैन की सुविधा शुरू होने जा रही है. अस्पताल प्रबंधन ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है. यह सुविधा पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर शुरू होगी, जिसमें निजी एजेंसी मशीन लगाने के साथ-साथ इसके संचालन और मेंटेनेंस की जिम्मेदारी भी संभालेगी. इस कदम को राज्य में उन्नत चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
कैंसर मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत, जांच के लिए अब नहीं जाना पड़ेगा दूसरे राज्यों में
पेट-सीटी स्कैन को कैंसर की जांच में सबसे आधुनिक और सटीक तकनीक माना जाता है, जिससे शरीर के भीतर मौजूद ट्यूमर की स्थिति, उसकी स्टेज और फैलाव का स्पष्ट पता लगाया जा सकता है. अब तक यह सुविधा झारखंड के किसी भी सरकारी मेडिकल कॉलेज या अस्पताल में उपलब्ध नहीं थी, जिसके कारण मरीजों को जांच के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था. वहां इस जांच पर 20 से 25 हजार रुपये तक खर्च आता था, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था.
5000 रुपए से कम में जांच की तैयारी, आयुष्मान और बीपीएल मरीजों को मिल सकती है मुफ्त सुविधा
रिम्स में यह सुविधा शुरू होने के बाद राज्य के कैंसर मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. अनुमान लगाया जा रहा है कि आयुष्मान भारत योजना और बीपीएल परिवारों के मरीजों के लिए यह जांच मुफ्त हो सकती है, जबकि सामान्य मरीजों के लिए भी इसकी लागत 5000 रुपये से कम रखने की तैयारी है. विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम कैंसर के शुरुआती निदान और समय पर इलाज में बेहद मददगार साबित होगा, जिससे मरीजों की जान बचाने की संभावना बढ़ेगी और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी.