Jamshedpur News: रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और सेवा के लिए शनिवार को टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन द्वारा जमशेदपुर ब्लड बैंक की पूरी टीम को सम्मानित किया गया। ब्लड बैंक सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह ने चिकित्सकों, पदाधिकारियों, पारा मेडिकल स्टाफ और कर्मचारियों को सम्मानित किया।
3140 यूनिट रक्त संग्रह का बना था रिकॉर्ड
गौरतलब है कि गत 3 मार्च को संस्थापक दिवस के अवसर पर टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन ने जमशेदपुर ब्लड बैंक के सहयोग से रक्तदान अभियान चलाकर 3140 यूनिट रक्त संग्रह का कीर्तिमान स्थापित किया था। इस उपलब्धि में ब्लड बैंक की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके लिए उन्हें सम्मानित किया गया।
ऐसे कार्यक्रम से बढ़ता है उत्साह
समारोह की मुख्य अतिथि और जमशेदपुर ब्लड बैंक की चेयरपर्सन रुचि नरेंद्रन ने कहा कि यूनियन के महामंत्री आरके सिंह हर वर्ष ब्लड बैंक स्टाफ को प्रोत्साहित करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करते हैं, जिससे कर्मचारियों का उत्साह बढ़ता है। उन्होंने कहा कि टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन रक्तदान के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है और यह पहल आगे भी जारी रहनी चाहिए।
सेवा और सहयोग की अलग पहचान बना चुका है ब्लड बैंक
यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह ने संयुक्त रूप से जमशेदपुर ब्लड बैंक के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। आरके सिंह ने कहा कि ब्लड बैंक की सेवा वास्तव में काबिले तारीफ है और संस्था ने अपनी सेवा व सहयोग से अलग पहचान बनाई है। कार्यक्रम में सचिव नलिनी राममूर्ति, जीएम संजय चौधरी, डीजीएम CSR एलेन जोसेफ, वरीय प्रबंधक आंचल सिंहा समेत यूनियन पदाधिकारी, कमेटी मेंबर और ब्लड बैंक कर्मी मौजूद रहे।