Ranchi Crime News: रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता की मौसी द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, यह वारदात 7 मई (गुरुवार) की है. नाबालिग बालिका पिछले दो वर्षों से बेड़ो में अपनी मौसी के साथ रह रही थी. गुरुवार शाम करीब सवा चार बजे जब वह साप्ताहिक बाजार से वापस अपने घर लौट रही थी, तभी रास्ते में जामटोली रोड के पास आरोपियों ने उसे अपनी बातों में फंसा लिया.
पकौड़ी का लालच देकर अर्धनिर्मित मकान में ले गए आरोपी
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, एक युवक ने बालिका को बहला-फुसलाकर पकौड़ी खिलाने का प्रलोभन दिया. इसके बाद वह और उसका एक अन्य दोस्त पीड़िता को पैदल ही जामटोली गांव की ओर ले गए. वहां जंगल के समीप स्थित टिकरा टोली गांव के एक अर्धनिर्मित मकान में दोनों आरोपियों ने मासूम के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने बालिका को किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी.
परिजनों को बताई आपबीती, पुलिस ने दोनों को लिया हिरासत में
घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने घर पहुंचकर अपनी मौसी को पूरी जानकारी दी. सामाजिक कार्यकर्ता मंगल तिर्की की पहल पर शुक्रवार को परिजन बेड़ो थाना पहुंचे और मामला दर्ज कराया. बेड़ो थाना प्रभारी सुजीत कुमार उरांव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और दोनों नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस घटना के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है.
पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, आगे की विधिक कार्रवाई जारी
पुलिस ने इस मामले में पोक्सो एक्ट (POCSO Act) और सामूहिक दुष्कर्म की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. थाना प्रभारी ने बताया कि नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और आरोपियों के खिलाफ ठोस साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. इलाके में इस घटना के बाद से काफी आक्रोश है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि कानून के अनुसार आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए पुलिस तेजी से विधिक प्रक्रिया पूरी कर रही है.