West Singhbhum: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मेघाहातुबुरु क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दुखद घटना सामने आई, जहां सेल (स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड) के क्वार्टर संख्या 12/5 ए-टाइप में रहने वाले 38 वर्षीय ठेका मजदूर बालाजी शर्मा उर्फ बाला ने आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा छा गया। स्थानीय लोगों के अनुसार बाला इलाके में काफी मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे और आसपास के लोगों के सुख-दुख में हमेशा शामिल रहते थे। उनकी अचानक मौत की खबर से मोहल्ले के लोग भी स्तब्ध हैं।
दो दिनों से तनाव में था बाला, घर से भी नहीं निकल रहा था
परिजनों और आसपास के लोगों ने बताया कि बीते दो दिनों से बाला काफी तनाव में दिखाई दे रहा था। वह न तो ठीक से किसी से बातचीत कर रहा था और न ही घर से बाहर निकल रहा था। परिवार वालों के अनुसार उसने खाना-पीना भी लगभग छोड़ दिया था। शुक्रवार रात करीब नौ बजे वह अपने कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। उस समय घर में उसकी मां और बहन मौजूद थीं। काफी देर तक कोई आवाज नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई।
मां की नजर खिड़की पर गई तो मच गई चीख-पुकार
बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद मां की नजर कमरे की खिड़की से अंदर गई, जिसके बाद वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी। मां की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह कमरे का दरवाजा तोड़ा और बाला को बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए किरीबुरू अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार का इकलौता बेटा था बाला
स्थानीय लोगों ने बताया कि बाला अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और घर में मां तथा तीन बहनें हैं। परिवार की जिम्मेदारी काफी हद तक उसी के कंधों पर थी। उसकी मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि बाला हमेशा दूसरों की मदद करने के लिए आगे रहता था और सभी के साथ उसका अच्छा व्यवहार था, इसलिए उसकी मौत ने पूरे इलाके को दुखी कर दिया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद किरीबुरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस आत्महत्या के पीछे की वजह जानने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।