Khunti Crime News: खूंटी जिले के सायको थाना क्षेत्र में युवती के साथ मारपीट और दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार कुड़ापूर्ति गांव निवासी युवती के पिता ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांव के ही मानो उर्फ मनिका मुंडा ने आपसी विवाद के दौरान उनकी 23 वर्षीय बेटी के साथ मारपीट की.
आरोप है कि युवक ने युवती का गला दबाकर हत्या का प्रयास किया और उसके कपड़े खींचकर दुष्कर्म की कोशिश की. घटना के बाद आरोपी युवती को बेहोशी की हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया.
मामले की जानकारी मिलते ही सायको थाना पुलिस सक्रिय हुई और तत्काल जांच शुरू की गई. पुलिस ने सायको थाना कांड संख्या 07/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है.
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मानो उर्फ मनिका मुंडा को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद ग्रामीणों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.