Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-07

Jamtara News: रजेया नदी से खेतों तक पहुंचेगा पानी, जामताड़ा में सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई योजना का शिलान्यास स्वास्थ्य मंत्री ने किया

Jamtara: जामताड़ा जिले के रानीडीह पंचायत अंतर्गत ग्राम सिलदाहा में गुरुवार को “रजेया नदी पर मुख्यमंत्री सौर ऊर्जा चालित उद्धह सिंचाई योजना” की शुरुआत की गई। स्वास्थ्य मंत्री सह जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने योजना का विधिवत शिलान्यास किया। इस योजना को लेकर ग्रामीणों और किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। लंबे समय से सिंचाई की समस्या से जूझ रहे किसानों को अब बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

सौर ऊर्जा से खेतों तक पहुंचेगा नदी का पानी
इस योजना के तहत रजेया नदी से पानी को लिफ्ट कर सौर ऊर्जा की मदद से सीधे खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इससे क्षेत्र की बड़ी कृषि भूमि सिंचित हो सकेगी और किसानों को केवल बारिश पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। ग्रामीणों का मानना है कि योजना शुरू होने के बाद पूरे वर्ष खेती करना संभव हो सकेगा, जिससे उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

सौर ऊर्जा आधारित होने के कारण किसानों को बिजली खर्च की चिंता से भी राहत मिलेगी। इसके साथ ही धान, सब्जी और अन्य फसलों की खेती को बढ़ावा मिलने की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण परियोजना बताया है।

चुनाव के दौरान किए गए वादे को पूरा करने का दावा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि चुनाव के दौरान ग्रामीणों और किसानों ने उनसे सिंचाई की समस्या दूर करने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि रजेया नदी गांव से नीचे बहने के कारण पानी खेतों तक नहीं पहुंच पाता था, जिससे किसानों को खेती में भारी परेशानी होती थी। उसी समय उन्होंने ग्रामीणों से वादा किया था कि क्षेत्र में लिफ्ट इरिगेशन योजना शुरू कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि अब वह वादा पूरा किया जा रहा है और यह योजना किसानों के जीवन में बड़ा बदलाव लाने का काम करेगी। मंत्री ने कहा कि किसान मजबूत होंगे तो गांव और समाज भी मजबूत होगा, इसलिए सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

विकास कार्यों का भी किया जिक्र
डॉ. इरफान अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव जीतने के बाद रजेया नदी पर पुल निर्माण कराया गया, जिससे हजारों लोगों को आने-जाने में सुविधा मिली है। इसके अलावा सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आदिवासी और ग्रामीण इलाकों में विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि हर वर्ग के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और गांवों का समग्र विकास हो सके।

किसानों के लिए “लाइफ लाइन” साबित होगी योजना
मंत्री ने कहा कि यह सिंचाई योजना आने वाले समय में किसानों के लिए किसी “लाइफ लाइन” से कम नहीं होगी। इससे खेती का दायरा बढ़ेगा, किसानों की आय में सुधार होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने जनता द्वारा लगातार तीसरी बार भरोसा जताने के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि वे आगे भी क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम करते रहेंगे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। योजना को लेकर पूरे इलाके में उत्साह और उम्मीद का माहौल देखने को मिला।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !