Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-07

Jharkhand News: पाल्क स्ट्रेट फतह कर इतिहास रचने वाले 7 साल के इशांक को सीएम हेमंत सोरेन ने 5 लाख रुपए देकर किया सम्मानित

Jharkhand News: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से सात वर्षीय बाल तैराक इशांक सिंह ने गुरुवार को कांके रोड स्थित उनके आवासीय कार्यालय में रांची के मुलाकात की. इस गौरवशाली अवसर पर मुख्यमंत्री ने इशांक को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. मुख्यमंत्री ने इशांक के प्रभावशाली प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें 5 लाख रुपए का चेक, स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया. 7 साल की छोटी सी उम्र में इशांक का यह जज्बा देख हर कोई हैरान है.

9 घंटे 50 मिनट लगातार तैरकर बनाया विश्व रिकॉर्ड
इशांक सिंह ने बीती 30 अप्रैल को भारत और श्रीलंका के बीच स्थित चुनौतीपूर्ण "पाल्क स्ट्रेट" को पार कर दुनिया को अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. उन्होंने लगभग 29 किलोमीटर की इस दूरी को लगातार 9 घंटे 50 मिनट तक तैरकर पूरा किया और अपने नाम विश्व रिकॉर्ड दर्ज कराया. इस कठिन समुद्री रास्ते को इतनी कम उम्र में पार करने के लिए इशांक को कई अंतरराष्ट्रीय खिताबों से भी नवाजा जा चुका है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इशांक ने देश और दुनिया के नक्शे पर झारखंड का नाम सुनहरे अक्षरों में लिख दिया है.

नई खेल नीति से प्रतिभाओं को मिल रहा बेहतर मंच
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. झारखंड में बनाई गई नई खेल नीति का लाभ यहां के खिलाड़ियों को मिल रहा है, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी चमक बिखेर रहे हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि इशांक जैसे प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ने के लिए राज्य सरकार हर संभव मदद, आधुनिक प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगी. सीएम ने विश्वास जताया कि भविष्य में इशांक अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी तिरंगा लहराएंगे.

कठिन परिश्रम और अनुशासन से मिली बड़ी सफलता
मुख्यमंत्री ने इशांक सिंह की सफलता को राज्य के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बताया. उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में इशांक ने जिस अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया है, वह काबिले तारीफ है. झारखंड के खिलाड़ी अपनी लगन के बल पर नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं और इशांक की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी को और अधिक ऊर्जावान बनाएगी. सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के भीतर छिपी ऐसी हर प्रतिभा को एक सही प्लेटफॉर्म मिले ताकि वे झारखंड का मान बढ़ा सकें.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !