Ranchi News : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने साफ कहा है कि अब अस्पतालों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर स्वास्थ्य सेवाओं में गड़बड़ी मिली तो सिर्फ डॉक्टर ही नहीं, बल्कि संबंधित सिविल सर्जन पर भी कार्रवाई होगी और उन्हें सस्पेंड किया जाएगा।जामताड़ा दौरे के दौरान मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में मरीजों को बेहतर इलाज, समय पर दवा और साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मंत्री ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए गंभीर है और लापरवाही करने वालों को किसी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं हुआ तो होगी कड़ी कार्रवाई
मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि कई जगहों से अस्पतालों में अव्यवस्था और लापरवाही की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मरीजों को इलाज में परेशानी हुई या अस्पतालों में अनियमितता पाई गई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में गरीब और जरूरतमंद लोग इलाज के लिए आते हैं, इसलिए वहां किसी तरह की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। मंत्री ने स्वास्थ्यकर्मियों को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करने का निर्देश दिया।